नोएडा। जिले में 17 केंद्रों पर शुक्रवार को बीएड परीक्षा आयोजित हुई। इस दौरान होशियारपुर कन्या इंटर कॉलेज केंद्र पर अभ्यर्थियों और स्कूल प्रबंधन के बीच गेट खोलने पर विवाद हुआ। सुबह की पाली में परीक्षा खत्म होते ही करीब 12 बजे कुछ अभ्यर्थी तुरंत गेट से बाहर जाने का प्रयास करने लगे। गेट बंद होने पर अभ्यर्थियों को बाहर निकलने में समय लगा। जिससे नाराज लोग हंगामा करने लगे। हंगामा बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन ने पुलिस बुला ली। पुलिस के पहुंचने के बाद ही मामला शांत हुआ।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए गेट बंद रखा गया था। केंद्र पर परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के बैग, मोबाइल जैसे सामान पहले जमा किए गए थे। परीक्षा के बाद गेट बंद रखकर सभी अभ्यर्थियों को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए उनका सामान लौटाया जा रहा था। इससे अभ्यर्थियाें के केंद्र से बाहर निकलने में थोड़ा वक्त लग गया।
गेट नहीं खुलता देख कुछ अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं परीक्षा के चलते बालक इंटर कॉलेज से कोरोना टीकाकरण केंद्र बदला गया था। जिसकी जानकारी नहीं होने पर कुछ लोग टीकाकरण के मकसद से वहां पहुंचे और मायूस लौट गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ज्यादातर केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनी रही। गेट खुलने के समय को लेकर एक परीक्षा केंद्र पर थोड़ी नाराजगी सामने आई। जिसके बाद अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया।
1400 से ज्यादा ने छोड़ी परीक्षा
जिले में 17 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में भाग लेने के लिए 6800 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। पहली पाली में 5387 ने परीक्षा दी। जबकि 1413 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5394 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 1406 अनुपस्थित रहे।