Roads leading to cemetery are bad, villagers upset
तावडू। उपमंडल के गांव छारौड़ा में कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग बदहाल है। बारिश के मौसम में जलभराव और कीचड़ होने से यह समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पंचायत विभाग से मार्गों के निर्माण की मांग की है।
हाजी पप्पू, अलीजान, बसरुद्दीन, सलीम, अलीशेर, खलील, पप्पू, नसरुद्दीन, नंबरदार याकूब, इकराम आदि ग्रामीणों ने बताया कि कॉलोनी और गांव के अंदर से कब्रिस्तान जाने वाले रास्तों की हालत काफी दिनों से बदहाल है। रास्तों में गड्ढे हो गए हैं। इनमें पानी भी भर गया है। जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों-वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते सप्ताह गांव में दो लोगों की मृत्यु हो गई थी। शव को कब्रिस्तान ले जाने में काफी समस्या हुई। इस कारण शव को फसलों के बीच से कब्रिस्तान ले जाना पड़ा। ग्रामीणों ने पंचायत विभाग से मांग की है कि जल्द से इन बदहाल मार्गों का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो। वहीं, इस बारे में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार का कहना है कि गांव छारौड़ा में विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इन पर जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जायेगा।