नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगातार लग रहे जाम की समस्या को कम करने के लिए यातायात पुलिस अधिकारियों ने प्राधिकरण व सड़क निर्माण कंपनी को पीक आवर में काम नहीं करने की सलाह दी है। ट्रैफिक अधिकारियों के मुताबिक प्राधिकरण और एजेंसी ने इस पर सहमति जताई है। इससे वाहन चालक अपने गंतव्य तक समय से पहुंच पाएंगे। एक्सप्रेसवे पर रात में सुरक्षा मानकों को पूरा करते हुए काम कराया जाए।
डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर ग्रेनो से नोएडा की ओर आने वाले रास्ते की रिसर्फेसिंग का काम लगभग पूरा हो गया है। अब नोएडा से ग्रेनो जाने वाले मार्ग पर काम शुरू कर दिया गया है। इसलिए नोएडा आने वाले मार्ग पर जाम की समस्या कम हो गई है लेकिन नोएडा से ग्रेनो जाने वाले मार्ग पर यातायात बाधित होने लगा है। लोग अपने गंतव्य तक समय से नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसलिए सुबह 8 से 11 और शाम 4 से 9 बजे तक के समय को पीक आवर मानते हुए इस बीच काम न करने के लिए प्राधिकरण अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से कहा गया है। उन्होंने बताया कि यातायात निरीक्षक आशुतोष सिंह को निर्देश दिए गए हैं कि यदि निर्माण एजेंसी रात में काम करती है तो सुरक्षा मानकों को समय-समय पर जांचने की जिम्मेदारी उनकी रहेगी।
एक से डेढ़ माह तक और झेलनी होगी परेशानी
प्राधिकरण अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों की माने तो नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले मार्ग पर रिसर्फे सिंग का काम एक माह में पूरा किया जा सकता है। लेकिन बारिश के कारण यह समय करीब 15 दिन बढ़ सकता है। इसलिए एक से डेढ़ माह तक इस सड़क को तैयार करने में लग जाएगा।
सेक्टर-152 अंडरपास के निर्माण को लेकर लगा जाम
नोएडा। एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-152 के पास अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां केवल दो ही लेन में ट्रैफिक संचालित किया जा रहा है। सोमवार को सुबह, दोपहर और फिर शाम को जाम की स्थिति बनी रही। वहीं शाम को पर्थला चौक, फिल्म सिटी, महामाया एक्सप्रेसवे के पास समेत कई स्थानों पर हर रोज लोगों को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ा है।
ट्वीट कर की जाम की शिकायत
नोएडा। सेक्टर-74 से 77 तक रोजाना लग रहे जाम की शिकायत सोशल मीडिया पर की जा रही है। सोमवार को नेफोवा के पदाधिकारी मनीष कुमार ने टवीट करके यातायात पुलिस को सेक्टर-74 से 77 तक आए दिन लगने वाले जाम की शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि यातायात पुलिस से लगातार शिकायत की जा रही है लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। उधर, वहीं, राजीव कुमार का कहना है कि किसान चौक के पास बने मॉल में लोग आते हैं और वाहनों को सड़क पर ही पार्क करके चले जाते हैं। इससे लोगों को जाम झेलना पड़ता है। ब्यूरो