यूनुस अल्वी/तसलीम अल्वी
पुन्हाना/पिनगवां। पिनगवां और पुन्हाना खंड की दो दर्जन गांवों को जोड़ने वाली सड़कों को 12 से 18 फीट तक चौड़ीकरण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। 20 वर्षों से इन सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण न होने के कारण दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन सड़कों के चौड़ीकरण पर 11 करोड़ 24 लाख 46 हजार रुपये खर्च होंगे। करीब तीन-चार माह में कार्य पूरा कर हो जाएगा।
क्षेत्र के दीन मोहम्मद मामलीका, उमर मोहम्मद मामलीका, गंगवानी निवासी सुलेमान कुरैशी, तारीक हुसैन, सहून मैनेजर बादली आदि ने बताया कि मुंढेता, पापड़ा, मामलीका, बादली, गंगवानी, जाख, तेड़, अकबरपुर, काटपुरी, जालिका सहित दो दर्जन गांवों को जोड़ने वाली सड़कें काफी समय से खराब हैं। मरम्मत न होने के कारण इन सड़कों पर पैदल चलना भी दूभर है। सड़कों पर गहरे-गहरे गड्ढे हैं और हर समय गंदा पानी भरा रहता है। इन ग्रामीणों ने सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने पर प्रदेश और केद्र सरकार का आभार जताया है।
वहीं, गांव पापड़ा निवासी सौदान पटवारी, हाजी वहीद, डॉ. सद्दीक, बादली निवासी जावेद सरपंच, मकसूद खान, बोतल्ली नंबरदार का कहना है कि इन सड़कों का निर्माण करीब 20 साल पहले हुआ था। इसके बाद इनकी मरम्मत भी नहीं हुई थी। 18 फीट चौड़ी सड़क बनने से लोगों को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हो रहा कार्य
लोकनिर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता नसीम ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत टुंडलाका से मुंढ़ेता वाया बादली, मामलीका, पापड़ी बीकेपी रोड बनाने पर 394.24 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं पिनगवां, अकबरपुर, झारपुरी, मल्हाका, गंगवानी रोड पर 336.05. लाख, शिकरावा और जालीका चौक से बीकेपी रोड लुहिंगाकलां वाया सुल्तानपुर, तेड़, पिनगवां, पापड़ा, अकबरपुर, गंगवानी पर 397.17 लाख की लागत से 12 फुट से 18 फिट तक इन सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। इन सभी सड़कों पर करीब 11 करोड़ 24 लाख 46 हजार रुपये की लागत आएगी।