नोएडा। प्रदेश के शो विंडो नोएडा में स्वीडन की कंपनी आइकिया 5500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कामर्शियल बिल्डर योजना के तहत सेक्टर-51 में करीब 50 हजार वर्ग मीटर के वाणिज्यिक भूखंड का आवंटन कंपनी के पक्ष में कर दिया गया है। इससे नोएडा प्राधिकरण को एकमुश्त 850 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है, जबकि स्टांप ड्यूटी के रूप में प्रदेश सरकार को 56 करोड़ रुपये मिले हैं। शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण व कंपनी के बीच भूमि हस्तांतरण एवं लीज डीड विनिमय के वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जहां इस तरह की परियोजना से दुनिया का सबसे बड़ा होम फर्नीशिंग ब्रांड बड़ा निवेश करने जा रहा है। आइकिया नोएडा में अपना सबसे बड़ा आउटलेट व देश का सबसे शानदार शॉपिंग सेंटर बनाएगी। इसमें नोएडा-ग्रेटर नोएडा ही नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अत्याधुनिक शॉपिंग मॉल, मनोरंजन केंद्र, होटल, ऑफिस स्पेस, रिटेल आउटलेट की सुविधा मिलेगी। परियोजना के क्रियान्वयन के लिए समय सीमा सात साल निर्धारित की गई है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि मई से कंपनी परियोजना पर काम शुरू कर देगी। परियोजना से करीब दो हजार युवाओं प्रत्यक्ष व बीस हजार को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। फिलहाल, आइकिया के मुंबई और हैदराबाद में रिटेल आउटलेट हैं।
अधिकारियों की सक्रियता से बढ़ी निवेश की गाड़ी
कंपनी कई साल से दिल्ली से सटे नोएडा में भारी-भरकम निवेश की योजना बनाए बैठी थी। साल 2018 में उत्तर प्रदेश सरकार और कंपनी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे। सरकार की मंशा और प्राधिकरण अधिकारियों की सक्रियता दो साल बाद अब जाकर निवेश की गाड़ी आगे बढ़ी है। सेक्टर-51 में भूखंड संख्या ई-01 का आवंटन मैसर्स इंगका सेंटर्स प्रा. लि. के नाम पर किया गया है। आइकिया दुनिया भर में अपने फर्नीचर व होम फर्नीशिंग के रिटेल आउटलेट चलाती है, जबकि अन्य उत्पादों की शॉपिंग के लिए इंगका सेंटर्स खोले गए हैं। नोएडा में यह देश का पहला इंगका सेंटर होगा, जिसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन मध्य में खोला जा रहा है। कंपनी प्रबंधन के मुताबिक साल 2025 में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शॉपिंग और मनोरंजन का शानदार अनुभव उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।
मेट्रो स्टेशनों से शॉपिंग सेंटर को जोड़ेगा स्काईवॉक
सेक्टर-51 में बनने जा रहे शॉपिंग सेंटर की पहुंच दिल्ली-एनसीआर से पहुंचने वालों के लिए आसान हो, इसके लिए एक्वा लाइन के सेक्टर-51 और ब्लू लाइन के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से शॉपिंग सेंटर को जोड़ने के लिए ओवरहेड कंप्यूटर कनेक्शन निर्मित किया जाएगा। स्काईवॉक बनाकर तीनों को जोड़ा जाएगा।
सेक्टर-71 जंक्शन पर बनेगी ट्रैफिक रोटरी
दिल्ली-एनसीआर का बड़ा शॉपिंग सेंटर विकसित होने के बाद सेक्टर-71 ट्रैफि क जंक्शन पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कंपनी ही अपने खर्च पर भूखंड के उत्तर की दिशा में ट्रैफिक रोटरी (गोल चक्कर) बनवाएगी। इसके जरिये वाहनों से आने वाले लोग आसानी से शॉपिंग सेंटर की पार्किंग में पहुंच सकेंगे। तीस से चार तल की भूमिगत पार्किंग भी बनाई जाएगी।
रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाएगी आइकिया : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण निवेश की सर्वाधिक संभावनाओं वाला क्षेत्र है। प्रदेश सरकार देश और विदेश से राज्य में निवेश को प्रोत्साहन देने में जुटी है। आइकिया नोएडा में निवेश को मूर्त रूप देने जा रही है। कंपनी नोएडा सहित राज्य के अन्य शहरों में निवेश कर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाएगी।
उन्होंने बताया कि नोएडा में डाटा सेंटर पार्क व देश की सबसे बड़ी डिस्प्ले यूनिट की स्थापना का कार्य तेजी से हो रहा है। नोएडा एयरपोर्ट की स्थापना व यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण में फि ल्म सिटी का विकास किया जा रहा है। सीएम ने भरोसा जताया कि आइकिया द्वारा नोएडा सहित राज्य के अन्य शहरों में भी निवेश किया जाएगा। वहीं, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश नया और आधुनिक स्वरूप ले रहा है। आइकिया इंडिया के सीईओ पीटर बेडजिल ने कहा कि संस्था नोएडा में परियोजना को 5 से 7 वर्षों में पूरा कर लेगी। आइकिया अपने कारोबार से बड़ी संख्या में युवाओं और हस्त शिल्पियों को जोड़ेगी। अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविंद कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा निवेश के इच्छुक सभी निवेशकों और उद्यमियों को पूरा सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम को नोएडा की सीईओ रितु माहेश्वरी ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविंद कुमार वीडियो कांफ्रेंसिंग से कार्यक्रम से जुड़े। जबकि प्राधिकरण बोर्ड रूम में सीईओ रितु माहेश्वरी, एसीईओ प्रवीण मिश्र, ओएसडी कुमार संजय, इंगका सेंटर्स इंडिया के सीईओ पीटर बेडजिल, सीएफओ प्रीत धूपर, प्रोजेक्ट डेवेलपमेंट मैनेजर इग्नाशियो परेज, रियल एस्टेट डेवलपर मैनेजर सुहैल अहमद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।