संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में दो जगह हुए सड़क हादसों ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। एक हादसा एनएच-344 पर गांव तिगरी के पास हुआ, जहां कार की टक्कर से एक्टिवा सवार उत्तरप्रदेश के जिला बिजनौर के गांव जमालपुर निवासी ललित उर्फ नीटू (35) की जान चली गई। दूसरा हादसा रादौर के बूबका चौक पर हुआ, जहां सड़क पार करते समय रादौर के वार्ड-11 के सैनी मोहल्ला निवासी निशांत (30) की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों पर मुकदमे दर्ज किए हैं।
थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में गांव दुसानी निवासी कर्मचंद ने बताया कि वह 14 अक्तूबर की शाम बाइक पर कलानौर से अपने गांव दुसानी जा रहा था। इस दौरान आगे एक्टिवा पर युवक जा रहा था। जब पंचकूला-कलानौर नेशनल हाईवे पर गांव तिगरी के मोड पर पहुंचे, तब कलानौर की ओर से एक कार चालक ने एक्टिवा में टक्कर मार दी।
इससे एक्टिवा सहित युवक सड़क पर गिर गया और उसका सिर डिवाइडर में लगा। चालक ने कार नहीं रोकी बल्कि युवक को कुचलते हुए मौके से कार सहित आगे निकल गया। राहगीरों की मदद से एक्टिवा चालक को घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। बाद में युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर के गांव जमालपुर डिकरी निवासी ललित उर्फ नीटू के रूप में हुई।
थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में रादौर के वार्ड-11 के सैनी मोहल्ला निवासी मधु ने बताया कि उनके दो बेटे व एक बेटी है। 16 अक्तूबर सुबह बड़ा बेटा निशांत उर्फ सोनू रादौर के बूबका चौक सामान लेने गया था। यहां से लौटते समय दोपहर 12:30 बजे जैसे ही निशांत बूबका चौक पर सड़क पार करने लगा, वैसे ही यमुनानगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने निशांत को टक्कर मार दी।
निशांत टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिरकर घायल हो गया। ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने डायल-112 पर सूचना दी। तब एंबुलेंस से निशांत को रादौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने निशांत को मृत घोषित कर दिया। मधु ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची और बाद ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका सुराग लगाया जा रहा है।