मां की डांट से क्षुब्ध नाबालिग ने दी थी झूठी सूचना
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के ग्रेनो वेस्ट में ट्यूशन से लौट रही छात्रा ने परिजन और पुलिस को अपहरण की कोशिश की झूठी सूचना दी थी। छात्रा का आरोप था कि कार सवारों ने उसे अगवा किया और शोर मचाने पर छोड़कर भाग गए। जांच में पता चला कि मां के डांटने पर छात्रा ने झूठी सूचना दी थी। परिजनों ने मामले मेें पुलिस को लिखित में जानकारी दी थी।
सीसीटीवी कैमरे में नहीं मिला कोई साक्ष्य
बता दें कि शनिवार शाम ग्रेनो वेस्ट की एक सोसाइटी में रहने वाली छात्रा ने परिजन को कॉल कर सूचना दी थी कि कार सवार दो लोगों ने उसे अगवा कर लिया, लेकिन विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों को साथ लेकर छात्रा द्वारा बताए गए मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें कि छात्रा अकेले पैदल जाती दिखी। उसे किसी ने अगवा नहीं किया।
मां ने दूसरे रास्ते से ट्यूशन जाने को बोला था
जांच में पता चला कि छात्रा जिस रास्ते से ट्यूशन आती-जाती है, छात्रा की मां ने वहां से न आकर दूसरी रास्ते का प्रयोग करने के लिए कहा था। इसको लेकर मां ने उसे डांट भी दिया था। इस कारण छात्रा ने झूठी सूचना दी थी।