नोएडा। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक की। इसमें सेक्टरों में खेल सुविधाएं विकसित नहीं करने पर फटकार लगाई गई। वाणिज्यिक क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और हरियाली विकसित न करने पर भी सीईओ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अगले 15 दिन में इसका प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में कई परियोजनाओं की समयसीमा तय की गई।
सीईओ ने उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक में अब तक के टेंडर की प्रगति रिपोर्ट जानी। इसमें पाया गया कि उद्यान विभाग के समस्त क्षेत्र के पार्कों, ग्रीन बेल्ट के कार्यों के लिए कुल 117 टेंडर निकाले जाने थे, लेकिन केवल 54 टेंडर ही निकाले गए। लिहाजा, बचे हुए टेंडर को 15 अप्रैल तक निकालने का निर्देश सीईओ ने दिया। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी कार्यों व ग्रीन बेल्ट में कार्य शुरू कराया जाए। स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हुआ है। इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
वहीं, इस वर्ष में पौधरोपण का लक्ष्य 1.75 लाख करने बात कही। सीईओ का साफ कहना है कि नए और विकसित सेक्टरों को प्राथमिकता पर रखते हुए लक्ष्य बढ़ाया जाए और इनके टेंडर 15 अप्रैल तक किए जाएं। ग्रीन बेल्ट में डस्ट फ्री के लिए नई जगह चिह्नित कर नए प्रस्तुत मांगे गए। ग्रीन बेल्ट नए तरीके से विकसित किए जाएं। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रित कने वाले पौधे लगाए जाएं।
तीन माह में पांच परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश
सीईओ ने तीन परियोजनाओं की समयसीमा तय की है। इसमें सेक्टर-54 व 91 के वेटलैंड और सेक्टर-33 के चिल्ड्रन पार्क का काम 20 अप्रैल तक पूरा करने को कहा गया। डॉग पार्क का काम भी एक माह में पूरा करने का निर्देश दिया। इसके संचालन के लिए टेंडर निकालने को कहा। वेदवन पार्क को प्रत्येक दशा में 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।