मेरठ। टीपीनगर क्षेत्र में युवक पर हमले के मामले में पुलिस ने चार नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाने में की शिकायत में शिवपुरम निवासी मोनू ने बताया कि तीन अगस्त को उसके घर के बाहर आकर कुछ युवकों ने हमला किया था।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी शिवपुरम निवासी सचिन शूटर व उसका भाई सूरज, विशाल उर्फ टमाटर और माधवपुरम निवासी यश गुप्ता कैद हो गए। आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उस पर समझौते का दबाव बनाया गया। इस पर वह थक-हार कर घर बैठ गया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।
चार सितंबर को आरोपियों ने 10-12 लोगों के साथ पिस्टल, तमंचे, लाठी और सरिये लेकर उस पर घर के बाहर हमला किया। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। इस बार भी आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।