सीएम रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन, कहा- महिला उद्यमी लिख रहीं नया इतिहास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
व्यापार मेले में इस बार दिल्ली पवेलियन सबसे आकर्षक है। लाल किला की थीम और उसके बीच में सजे इंडिया गेट की अनोखी झलक ने इसे खास बनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को प्रगति मैदान के हॉल नंबर 2 में दिल्ली पवेलियन का औपचारिक उद्घाटन किया। सीएम ने यहां लगे स्टॉलों का जायजा लिया और महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और शिल्पकारों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की महिला उद्यमी अपनी मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर वैश्विक स्तर पर नया इतिहास लिख रही हैं। दिल्ली सरकार भी उनके विस्तार, ब्रांडिंग और नए बाजार उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे दिल्ली पवेलियन में जरूर आएं और स्थानीय उद्यमियों व कलाकारों का हौसला बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि यह मेला कला, संस्कृति, कौशल और नवाचार का जिंदा मंच है जो न सिर्फ व्यापार बढ़ाता है बल्कि देश की विविधता और प्रगति को दुनिया के सामने पेश करता है।
49 स्टॉल लगाए
पवेलियन में इस बार 49 स्टॉल लगाए गए हैं जिन्हें जिला वार थीम पर भी सजाया गया है ताकि स्थानीय पहचान और विशिष्ट उत्पादों को बेहतर जगह मिल सके। इसमें महिला उद्यमियों और एससी/एसटी आधारित इकाइयों की मजबूत भागीदारी है। पवेलियन में एमएसएमई, स्टार्टअप्स, शिल्पकारों व छोटे उद्यमियों के खाद्य, साज-सज्जा, कपड़ों को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही, सेल्फी पॉइंट, इंटरेक्टिव डिस्प्ले, स्थानीय कला और आधुनिक उद्यमिता ने पवेलियन को और जीवंत बनाया है। दिल्ली के हर जिले की विशिष्ट कला, नवाचार और रचनात्मकता यहां एक ही छत के नीचे नजर आती है।