- दिशा ने बनाए 55 रन और हासिल किए तीन विकेट, प्रशस्ति ने भी बनाए नाबाद 56 रन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित राइजिंग क्रिकेट मैदान पर चल रहे राइजिंग स्टार गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में रावल अस्पताल क्रिकेट क्लब ने इंडिया पावर वुमेंस को 30 रन से हरा दिया। तीसरे दिन रावल टीम की दिशा नागर ने हरफनमौला प्रदर्शन किया। दिशा ने पहले मैच में 40 गेंद पर 55 रन बनाए और चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट भी हासिल किए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, दूसरे मैच में भी रावल ने जीत दर्ज की। रावल ने राइजिंग स्टार को नौ विकेट से पराजित किया। मैच में दिशा ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
पहले मैच में रावल अस्पताल क्लब ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज रीमा सिसौदिया चार रन बनाकर ही पवेलियन लौट गईं। हालांकि इसके बाद दूसरी सलामी बल्लेबाज शशि माथुर 30 व नंदिनी कौशिक ने 54 रन की पारी खेल टीम को अच्छी शुरूआत दी। वहीं, दिशा नागर ने 55 रन की पारी से टीम का स्कोर 153 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। टीम ने इंडिया पावर के सामने 154 रन का लक्ष्य रखा। पावर वुमेंस की ओर से सुमिति ने तीन व अंतरा ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पावर वुमेन्स की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और वह 123 रन ही बना सकी। उपासना यादव 19 गेंद पर 30 और समारिया राधव के 26 गेंद पर 27 रन को छोड़ कर अन्य बल्लेबाज रावल अस्पताल के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाए। रावल की ओर से दिशा व आर अग्रवाल ने तीन और यशिका ने दो व रिया ने एक विकेट लिया।
दूसरे मैच में राइजिंग स्टार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत खराब रही। 50 रन से पहले ही आधी टीम पवेलियन लौट गई। तनिष्का सिंह 29 रन को छोड़ कर अन्य बल्लेबाज रावल अस्पताल के गेंदबाजों के आगे ज्यादा देर नहीं टिक सकें। पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 91 रन ही बना सकी। रावल अस्पताल की ओर से यशिका शर्मा ने तीन, रुचि व दिशा नागर ने दो व आर अग्रवाल ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रावल की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 11.2 ओवर में ही 93 रन बनाकर मैच जीत लिया। प्रशस्ति शर्मा ने नाबाद 56 रन की पारी खेली। राइजिंग स्टार की नलिनी सेंगर को एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए प्रशस्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।