नोएडा। एक युवती ने पूर्व सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। वर्ष 2010 के मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-39 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र निवासी युवती वर्ष 2010 में शहर की एक निजी कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात रवि नामक एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच कुछ समय में ही गहरी दोस्ती हो गई। युवती का आरोप है कि रवि ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि गर्भवती हो जाने पर रवि ने परिजनों के साथ मिलकर उसका गर्भपात करा दिया। उस वक्त पीड़िता ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की तो सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़िता कोर्ट की शरण में पहुंची। अब कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।