तीसरे दिन भी शुरू नहीं हो सका अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच
बुधवार को बारिश से लबालब हुआ मैदान, सुबह ही रद्द् कर दिया गया दिन का खेल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच में प्राधिकरण की लापरवाही अब खुलकर सामने आ गई है। बुधवार सुबह तेज बारिश के बाद मैदान की सीमा रेखा पर बड़ी मात्रा में पानी भर गया। कवर, सूपर सोपर के बाद अब प्राधिकरण की पानी निकासी की व्यवस्था भी फेल हो गई। मैदान में पानी भरा देखकर मैच रेफरी और अंपायर ने सुबह ही तीसरे दिन का खेल रद्द् कर दिया। दोनों टीम होटल से मैदान नहीं पहुंची।
ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नौ सितंबर से अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मैच शुरू होना था, लेकिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही के कारण मैच शुरू नहीं हो सका। मैच के तीसरे दिन बुधवार को भी बारिश ने अपना कार्य किया पर प्राधिकरण अपना कार्य ढंग से नही कर सका। मंगलवार शाम के बाद बुधवार सुबह करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। मैच से जुड़े अधिकारी, मैच रेफरी व अंपायर मैदान पर पहुंचे तो बारिश के पानी से मैदान लबालब भरा मिला। पिच, 30 यार्ड व कुछ अन्य एरिया में कवर्स थे, लेकिन सीमा रेखा के पास सबसे अधिक पानी भरा हुआ था। पानी निकासी की व्यवस्था ठप मिली। पवेलियन के पास काफी ज्यादा पानी जमा था। मैच रेफरी और अंपायर मैदान में कदम नहीं रख सके। मैदान मैच शुरू करने की स्थिति में नहीं था। इस कारण सुबह करीब सवा नौ बजे मैच रेफरी व अंपायर ने तीसरे दिन का खेल भी रद्द कर दिया। दिन भर दोनों टीम होटल में ही रही। लगातार तीन दिन बर्बाद होने से दोनों टीम के साथ-साथ दर्शक और टीम मैनेजमेंट काफी नाखुश है।
-
पंप से निकाला गया बारिश का पानी
टेस्ट मैच को लेकर एक बार फिर प्राधिकरण की लापरवाही देखने को मिली। मैदान से बारिश का पानी निकालने की व्यवस्था फेल हो गई। ड्रेनेज सिस्टम चौक हो गया। पानी तेजी से बाहर नहीं जा सका। इसके बाद प्राधिकरण की तरफ से पंप लगाकर पानी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। प्राधिकरण की लापरवाही से शहर के निवासियों में काफी नाराजगी है। लोगों ने सोशल मीडिया पर प्राधिकरण पर काफी गुस्सा निकाला है।
मैच शुरू होने के बाद भी परिणाम आने की संभावना कम
अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड टेस्ट मैच के तीन दिन बर्बाद हो चुके है। अब केवल दो दिन बाकी है। ऐसे में अगर बृहस्पतिवार को मैच शुरू भी होता है तो दो दिन में परिणाम आने की उम्मीद बहुत कम होगी। हालांकि, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड किसी तरह मैच शुरू कराना चाहता है, लेकिन अब सब बारिश व प्राधिकरण की व्यवस्था के ऊपर निर्भर हैं।