नोएडा-ग्रेनो की बहुमंजिला इमारतों की रेलिंग जानलेवा
रेलिंग रिस्की है
एक महीने में नोएडा-ग्रेनो में 11 से अधिक लोग बालकनी से नीचे गिरकर गंवा चुके जान
अधिकतर मामलों में बालकनी में संतुलन बिगड़ने व रेलिंग की ऊंचाई कम होने से हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के हिमालयन प्राइड सोसाइटी की 18वीं मंजिल के फ्लैट में परिवार के लोग बैठे हुए थे, तभी घर की छोटी बेटी प्रिंसी बालकनी में पौधों में पानी देने पहुंची। इसी दौरान उसका पैर फिसला और नीचे गिरते ही जिंदगी ने साथ छोड़ दिया। इस हादसे के बाद परिवार सदमे में है। इस तरह के सदमे में नोएडा-ग्रेनो के कई और परिवार हैं, जिनकी फ्लैट की बालकनी से गिरकर किसी न किसी अपने की जान गई है। पिछले एक महीने में 11 से अधिक ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसमें असुरक्षित रेलिंग की ऊंचाई ने लोगों की जिंदगी छीन ली है।
नोएडा-ग्रेनो की लगभग ढाई हजार से अधिक बहुमंजिला इमारतों में आधी से अधिक आबादी रहती है। शहर में 80 मंजिल तक की इमारत है जो करीब 300 मीटर ऊंची है। इनमें जितने फ्लैट बने हुए हैं, उनमें तीन तरफ से बालकनी है और इनकी रेलिंग इतनी खतरनाक है कि कभी भी कोई फिसलकर गिर जाता है।
इनमें अधिकतर मामलों में बालकनी में संतुलन बिगड़ने और रेलिंग की ऊंचाई कम होने से नीचे गिरकर मौत हो गई है। इस तरह के हर हादसे के बाद बालकनी की खामियों और रेलिंग की कम ऊंचाई को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं, लेकिन आज तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बिल्डरों का जोर गुणवत्ता के बजाय तेजी से काम पूरा करने पर होता है। इसी दौरान बरती जाने वाली छोटी-छोटी लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। हादसों के बाद अक्सर यह मामला उठाया जाता है लेकिन कुछ दिनों तक हो-हल्ला मचाने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। पुलिस इसे हादसा मान लेती है लेकिन इसके वास्तविक जिम्मेदार तक नहीं पहुंच पाती है। पिछले एक महीने में नोएडा-ग्रेनो में 11 से अधिक लोग बालकनी से नीचे गिर चुके हैं और इनकी मौत हो चुकी है। इनमें सभी उम्र के लोग शामिल हैं।
-
हाल के मामले
1. 20 फरवरी - शाहबेरी स्थित वृंदावन कॉलोनी में बिजनेस एनॉलिस्ट फरहाद हसन (37) की बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत।
2. 22 फरवरी - ग्रेनो वेस्ट की महागुन माईवुड्स सोसाइटी में 12वीं के छात्र अद्वैत मिश्रा (19) की 22वीं मंजिल से गिरकर मौत।
3. नौ मार्च - सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉडर्न सोसाइटी की 18वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर 76 वर्षीय आशा शर्मा की मौत।
4. 12 मार्च - थाना सूरजपुर क्षेत्र में ओसिस हाइट्स सोसाइटी में मोबाइल पर बात करते समय 18वीं मंजिल से गिरकर पॉलीटेक्निक छात्र अभिनय सिंह (20) की मौत।
5. 14 मार्च - ग्रेनो वेस्ट में सोसाइटी की 18वीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से गिरकर कक्षा-12वीं की छात्रा प्रिंसी (18) की मौत।
6. सेक्टर-78 हाइड पार्क सोसाइटी में 8वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर पांच साल के बच्चे की मौत।
7. सलारपुर गांव में रेलिंग से झांकते समय 11 साल के बच्चे की चौथी मंजिल से गिरकर मौत।
8. सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी की आठवीं मंजिल की बालकनी से गिरकर दसवीं के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत।