नोएडा। शहर में बुधवार से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलेगा। इसे रिडक्शन, अवेयरनेस सर्कुलर एंड मास इंगेजमेंट (रेस) नाम दिया गया है। चार दिन तक प्राधिकरण, आरडब्ल्यूए, एओए, फोनरवा और अन्य एजेंसियां सड़क पर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक करेंगी। इसका मकसद पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को सुबह 7 बजे से माई प्लास्टिक फ्री लाइफ थीम के आधार पर रेस की शुरुआत और स्वच्छता शपथ ली जाएगी। सेेक्टर-44 सोम बाजार में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध लगाने के लिए स्कूलों, कार्य स्थल, आरडब्ल्यूए, पार्क व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शपथ ली जाएगी। इसके बाद परिवहन केंद्र, मुख्य स्थल, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक जगहों पर प्लास्टिक जमा कर सफाई की जाएगी।
वहीं, स्वच्छता शपथ के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध और विकल्पों पर स्कूलों, आरडब्ल्यूए, पार्क सहित अन्य स्थलों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी। दूसरे, तीसरे और चौथे दिन भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक भी होगा। इसके अलावा कपड़ों के थैले बांटे जाएंगे।
नोएडा अपैरल क्लस्टर बांटेगा कपड़े के एक लाख थैले और दो लाख मास्क
नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर एक लाख कपड़े के थैले और दो लाख मास्क बांटेगा। इससे पहले भी दो लाख कपड़े के थैले और पांच लाख मास्क नोएडा प्राधिकरण को निशुल्क वितरण के लिए दिए गए थे।