नूंह। लोक निर्माण विभाग भवन एवं सड़क के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि आगामी 15 दिन में सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने, आईकेट लगाने का कार्य करें ताकि धूंध से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह मंगलवार को जिला सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के साथ जो पेड़ है उन पर चार-चार फीट सफेद पेंट करें तथा जिन वृक्षों की टहनियां झुकी है उनकी ट्रिमिंग कराएं। तावडू कस्बा में सड़कों पर जो बिजली के तार लटकी हुई है उनको तत्काल प्रभाव से ऊंचे करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में धुंध में दुर्घटना की संभावना अधिक रहती है, इसके लिए सड़क पर रिफ्लेक्टर व कैट आई लगाने का कार्य करें। उपायुक्त ने अड़बर चौक, बड़कली चौक व फिरोजपुर-झिरका चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर एवं गांवों में जहां भी सड़क दुर्घटना होने वाले क्षेत्रों में दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है वहां पर व्यवस्थित तरीके से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्यों को पूरा करवाएं ताकि जान एवं माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अतिक्रमण पर चलाएं अभियान
शहर में जहां भी अतिक्रमण है, उसे रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए ताकि यातायात के साथ-साथ आमजन को सुविधा मुहैया करवाई जा सके। उपायुक्त ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में लाइटों की समुचित व्यवस्था हो और बरसात के कारण हुए गड्ढों की मरम्मत कर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने बस स्टैंड के पास ऑटो रिक्शा का स्टैंड बनाने के लिए भी कहा। उपायुक्त ने एजेंडे में शामिल विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा करके फीडबैक लिया और संबंधित अधिकारियों को समस्या निराकरण के निर्देश दिए।
सड़कों पर लगाएं संकेतक
बैठक में एसपी वरुण सिंगला ने कहा कि जिस स्थान पर सड़क दुर्घटना अधिक होती है, उन स्थानों पर जीआईएस के माध्यम से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों पर संकेतक लगाए जाए ताकि ड्राइवर को इस आसानी से पता चल सके। बीते जनवरी माह से नवंबर माह तक नूंह जिले में 476 सड़क दुर्घटना हुई जिसमें 209 घातक सड़क दुर्घटना, 184 व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में मौत, 54 व्यक्ति घायल हुए। उन्होंने खनन के बारे में कहा कि जिला में ड्रोन के माध्यम से इस पर नजर रखी जाएगी, खनन अधिकारी ने बताया कि जून से नवंबर माह तक 186 तथा नवंबर माह में 25 गाड़ियों के चालान किए गए है तथा विभाग फोटोग्राफी के माध्यम से भी खनन कार्य पर नजर रखें हुए है।