महागुन माईवुड्स सोसाइटी में बारिश का पानी भरने से खराब हो गई थीं लिफ्ट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की महागुन माईवुड्स सोसाइटी के निवासियों ने शनिवार को नोएडा स्थित बिल्डर प्रबंधन कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि बारिश का पानी भरने के कारण सोसाइटी की कई लिफ्ट खराब हो गई हैं। उन्होंने बिल्डर से लिफ्ट ठीक कराने के लिए कहा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वे बिल्डर कार्यालय पर पहुंच गए। प्रदर्शन के बाद बिल्डर प्रबंधन ने सोसाइटी की कुछ लिफ्ट को ठीक कराया। बाकी को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।
सोसाइटी में रहने वाले गौरव ने बताया कि परिसर में हजारों परिवार रहते हैं। दो दिन पहले हुई बारिश के कारण सोसाइटी के बेसमेंट में जलभराव हो गया था जिसमें गाड़ियां भी आधी डूब गई थीं। बेसमेंट में गंदगी हो गई है। कई लिफ्ट खराब हो गईं। लिफ्ट की लंबे समय से एएमसी नहीं हुई है। टावर नंबर-31 और 25 की लिफ्ट में भी दिक्कत हुईं। इन्हें ठीक करने के लिए बिल्डर प्रबंधन से मांग की गई लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद लोग बिल्डर प्रबंधन के कार्यालय पर पहुंच गए।