ग्रेटर नोएडा। दादरी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक भाटी चोटीवाला का विरोध शुरू हो गया है। उन पर कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने व शव को मिट्टी से बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए शनिवार को दादरी के नई आबादी में मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
समुदाय के नेता कारी मुस्तफा समेत अन्य ने प्रत्याशी बदलने की मांग करते हुए प्रियंका गांधी को पत्र लिखा है। दीपक के गांव बिसरख निवासी सुहेल खान का आरोप है कि उनके दादा गफ्फूर खान की मौत 2019 में हो गई थी। उन्हें कब्रिस्तान में दफनाया गया था। दीपक ने दादा के शव को कब्र से बाहर निकलवा दिया था। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन डराकर शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर किया गया था। इसके अलावा दादरी से कांग्रेस के नगर अध्यक्ष ने भी एक कब्रिस्तान की जमीन पर दीवार बना ली है। प्रदर्शन मेें अनवर खान, अली फुरकान, हामिद, जमशेद, शेरखान, नदीम पहलवान, हाजी शौकत आदि मौजूद रहे।
वहीं, दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि मुझ पर लगे आरोप निराधार हैं। जमीन के लिए समझौता हो गया था। पार्टी के कुछ लोग एक कार्यकर्ता को उम्मीदवार के रुप में बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। इस वजह से जान बूझकर समुदाय विशेष को उकसाया जा रहा है।