नोएडा सेक्टर-18 स्थित वेव मॉल में चल रहे 12 स्पा सेंटर में बुधवार शाम को पुलिस ने छापे मारे। इनमें से एक में वेश्यावृत्ति पकड़ी गई और यहां से तीन ग्राहकों व एक कर्मी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, चार युवतियों को पुनर्वास केंद्र में भेजा गया है। अन्य 11 सेंटर संचालकों को पुलिस नोटिस भेजेगी और नियम के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने के लिए कहेगी।
कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि वेव मॉल में चल रहे 12 स्पा सेंटरों में छापे मारे गए। 11 की जांच में अधिकांश मानक के अनुरूप सही पाए गए। यहां के दरवाजे अंदर से बंद नहीं थे और युवतियां भी पोशाक में थीं। केवल आनंदम स्पा सेंटर में वेश्यावृत्ति होती पकड़ी गई और यहां आपत्तिजनक सामान मिला।
यहां काम करने वाली चार युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पुनर्वास केंद्र भेज दिया। जबकि एक कर्मी समेत चार ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में देह व्यापार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार चारों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्पा सेंटर के मालिक सुरेंद्र की पुलिस तलाश कर रही है।
स्पा सेंटर की आड़ में वेश्यावृत्ति
मिनी कनॉट प्लेस के रूप में मशहूर सेक्टर-18 में स्पा सेंटर की आड़ में वेश्यावृति होती है। पहले भी पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है, लेकिन आरोप लगता रहता है कि इसमें स्थानीय स्तर पर पुलिस की मिलीभगत भी रहती है। आनंदम स्पा सेंटर से चंद कदम की दूरी पर ही पुलिस चौकी है।
पुलिस की कार्रवाई से भगदड़
छापे के लिए पुलिस के पहुंचते ही भगदड़ की स्थिति हो गई। कर्मचारियों व कस्टमर को कुछ समझ नहीं आ रहा था। जब आनंदम स्पा सेंटर के पास पुलिस पहुंची तो वहां दरवाजा बंद मिला। पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की तो आपत्तिजनक सामान मिला। इसके बाद पुलिस ने अन्य 11 स्पा सेंटरों को नोटिस देने की बात कही तो वहां के कर्मचारी व ग्राहकों की जान में जान आई।