सैमसंग कंपनी के सेक्टर-81 स्थित नई यूनिट के उद्घाटन के लिए 9 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे नोएडा आएंगे। उनके साथ काफी संख्या में राजनेता व विदेशी मेहमान भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आएंगे।
इसे देखते हुए बुधवार को एसपीजी टीम ने नोएडा की सैंमसंग कंपनी का जायजा लिया। साथ ही, तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, प्राधिकरण व पुलिस समेत अन्य सरकारी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक भी की।
अभी जिला प्रशासन को कोई लिखित कार्यक्रम नहीं मिला है, लेकिन बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तरफ से मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने की मौखिक सूचना दे दी गई है। सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को गोपनीय रखा जा रहा है। बुधवार को एसपीजी ने सैमसंग कंपनी की नई यूनिट और उद्घाटन के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा का खाका तैयार किया।
एसपीजी की टीम बुधवार को सुबह ही नोएडा पहुंच गई थी। एसपीजी संग हुई बैठक में जिलाधिकारी, एसएसपी, प्राधिकरण, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, खाद्य विभाग, अग्निशमन विभाग समेत सभी सरकारी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी विभागों के प्रमुख ने मातहत अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है।
सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आसपास के कई जिलों से सिविल पुलिस और यातायात पुलिस कर्मियों को नोएडा बुलाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया जा सकता है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए कई घेरे की सुरक्षा होगी। संभावना है कि इस दौरान प्रधानमंत्री जनसभा नहीं करेंगे।
कार्यक्रम की ड्यूटी में तैनात होने वाले सभी सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष पहचान पत्र जारी किया जाएगा। पहचान पत्र और आमंत्रण कार्ड के बिना किसी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।