उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग की तैयारियां जोरों पर
11 जुलाई से 25 जुलाई तक नोएडा इंडोर स्टेडियम में होगा मुकाबला
नोएडा। यूपी कबड्डी एसोसिएशन के सहयोग से उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) के पहले सीजन का आयोजन 11 जुलाई को किया जा रहा है। जो 25 जुलाई तक नोएडा इंडोर स्टेडियम में चलेगा।
यूपीकेएल के संस्थापक संभव जैन ने बताया, खिलाड़ियों की नीलामी से लेकर उनके अभ्यास तक का खास ध्यान रखा गया है।यह लीग प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करेगी। यूपीकेएल मेगा नीलामी 10 जून को की गई थी। कबड्डी लीग में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, इनमें यमुना योद्धा, नोएडा निन्जा, काशी किंग्स, अवध रामदूत, ब्रज स्टार्स, संगम चैलेंजर्स, अयोध्या वॉरियर्स और गंगा किंग्स ऑफ मिर्ज़ापुर शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी होंगे, जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश और भारत के अन्य क्षेत्रों से कुल 120 प्रतिभागी शामिल होंगे। यूपीकेएल के स्पोर्ट्स एंबेसडर राहुल चौधरी ने कहा, 20-25 दिनों की अवधि में ट्रॉफी को लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज, झांसी, आगरा, मथुरा और नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक प्रमुख शहरों में प्रदर्शित किया जाएगा।