सीपीसीबी का पूर्वानुमान, सोमवार से हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में तेजी से प्रदूषण बढ़ने लगा है। शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 254 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में है। इसमें बृहस्पतिवार के मुकाबले नौ सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि सोमवार से हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। आनंद विहार में 360, वजीरपुर में 343, जहांगीरपुरी में 331, बवाना में 309 और नॉर्थ कैंपस में 303 एक्यूआई दर्ज की गई। वहीं, दिल्ली एनसीआर में सबसे अधिक प्रदूषित गाजियाबाद रहा जहां 306 एक्यूआई दर्ज किया गया जो बेहद खराब श्रेणी है। सबसे कम प्रदूषित फरीदाबाद रहा जहां एक्यूआई 105 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी है। इसके अलावा नोएडा में 278, गुरुग्राम में 266 और ग्रेटर नोएडा में 246 एक्यूआई दर्ज किया गया।