यमुना सिटी। रबूपुरा में दलित किशोर अनिकेत की हत्या के बाद राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों का जमावड़ा लगा है। रोज आ रहे इन प्रतिनिधिमंडलों से परिजन परेशान हैं। उनका कहना है कि उन्हें पता ही नहीं होता कि आज कौन से नेता या सामाजिक संगठन के लोग उनसे मिलने चले आ रहे हैं। इनमें से जहां कुछ ने मदद की है वहीं बहुत से लोग राजनीतिक रोटियां ही सेंककर चले जाते हैं।
अनिकेत के चाचा मामचंद ने बताया कि प्रतिदिन कोई न कोई राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन, इन्फ्लुएंसर उन्हें सांत्वना देने आ रहे हैं। कई बार तो अचानक कोई नेता उनके घर आ रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे में उन्हें और अन्य परिजन को अपना कार्य करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आंबेडकर मोहल्ला निवासी अनिकेत पर कुछ युवकों ने हमला किया था। हमले में घायल अनिकेत ने उपचार के दौरान 22 अक्तूबर को दम तोड़ दिया था। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया और मीडिया की सुर्खियों में आ गया था। उसके बाद राजनीतिक दलों के नेता कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचने लगे। रविवार को गाजियाबाद में विधानसभा प्रत्याशी और युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम पहुंचे। उन्होंने परिजन को सांत्वना देते हुए न्याय न मिलने पर आंदोलन करने की भी बात कही।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
हत्याकांड में सात नामजद समेत 10 से 12 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अबतक तीन नामजद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।