-यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से भी लौटाया गया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। यमुना और नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर रेस लगाने के लिए दिल्ली से आए 67 बाइकर्स को ट्रैफिक पुलिस ने रविवार सुबह लौटा दिया। डीसीपी ट्रैफिक लखन सिंह यादव ने बताया कि दिल्ली निवासी कुछ युवक स्पोर्ट्स बाइक लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर रेस के लिए आते हैं। शनिवार रात को ही छह जगह कालिंदी कुंज, डीएनडी बॉर्डर, चिल्ला बॉर्डर और जीरो प्वाइंट पर पुलिस की तैनाती के निर्देश जारी कर दिए गए थे। सुबह 5 बजे से चारों बॉर्डर पर पुलिस टीम तैनात की गई थी। करीब साढ़े 6 बजे से बाइकर्स का नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ओर आना शुरू हो गया। जीरो प्वाइंट और दिल्ली, नोएडा के तीनों से बाइक सवार युवकों को नोएडा में प्रवेश करने पर रोक दिया गया। समझाने के बाद उनको वापस भेज दिया गया।
टीएसआई ने सभी बाइकर्स के नाम, नंबर और पता नोट कर चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा वह दोबारा एक्सप्रेसवे पर रेस लगाने के लिए आए तो उनकी बाइक जब्त कर ली जाएगी। वही ग्रेनो में रविवार सुबह जीरो प्वाइंट पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। बैरिकेडिंग कर सभी संदिग्ध बाइकर्स को रोका गया और आवश्यक पूछताछ की गई। जिन बाइकर्स के पास वाहन के कागजात या ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिले, उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने स्टंटबाज बाइकर्स के बारे में सूचना देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया है। ऐसे लोगों के बारे में हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी दी जा सकती है।
नियमों का उल्लंघन करने पर 78 का चालान
ट्रैफिक पुलिस की ओर से गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने बिना नंबर प्लेट, फिटनेस समाप्त, मानक से अधिक सवारी बैठने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो और टेंपो के 78 चालान किए गए। 11 वाहनों को सीज किया गया।