जेवर में कार्यक्रम से की गई ट्रायल लैंडिंग।
- फोटो : Grnoida
जेवर (मनोज कुमार शर्मा)। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस स्पेशल 26 की तैनाती करेगी। मंगलवार को खास ड्रेस कोड में तैनात पुलिसकर्मियों को कार्यक्रम का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भी तैनात किया गया था। अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म की तर्ज पर 26 सब इंस्पेक्टरों की टीम तैयार की गई है, इन्हें प्रधानमंत्री के डी घेरे की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। मंगलवार को टीम ने कार्यक्रम स्थल के गेट से मुख्यमंत्री के प्रवेश के साथ ही एनसीजी के साथ मिलकर सुरक्षा की कमान संभाली। इन पुलिसकर्मियों को शिलान्यास कार्यक्रम के दिन ब्लू कोर्ट, ग्रे पेंट, सफेद शर्ट, काले जूतों में तैनात किया जाएगा। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए इन सभी को अलग से ट्रेनिंग दी गई है। वहीं, मंच के सामने आम जनता को बैठाने के लिए 32 ब्लॉक बनाए गए हैं। इसमें सुरक्षा बलों के अलावा जिले के 40 युवा पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा। इन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भीड़ में संदिग्धों पर नजर रखने व कार्रवाई की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
गुर्जर सम्राट मिहिर भोज के नाम पर हो एयरपोर्ट और सीएम मांगें माफी
नोएडा एयरपोर्ट का नाम गुर्जर सम्राट मिहिर भोज के नाम पर रखा जाए। वहीं, दादरी में शिलापट्ट से गुर्जर शब्द हटाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफी मांगें। यदि ऐसा नहीं होता है तो राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के कार्यकर्ता 25 नवंबर को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान काले झंडे दिखाएंगे। मंगलवार को बादलपुर के इकला गांव में समिति ने बैठक कर चेतावनी दी है। बैठक में कई जिलों के गुर्जर समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य अतिथि समिति के संयोजक रणवीर चंदीला रहे।
अखिल भारतीय गुर्जर परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री गुर्जर समाज की भावनाओं को ध्यान में रखकर एयरपोर्ट का नाम गुर्जर सम्राट मिहिर भोज रखें। वहीं, दादरी प्रकरण में मुख्यमंत्री गुर्जर समाज से माफी मांगें। यदि ऐसा नहीं होता है तो गुर्जर समाज कड़ा विरोध करेगा। समिति के अध्यक्ष अंतराम तंवर ने इस आंदोलन को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय गुर्जर युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष के तौर पर रविंद्र भाटी को नामित किया। महिला विंग के लिए शशि को नामित किया गया। मौके पर प्रवेश गुर्जर, योगेश प्रताप, राज सिंह, आनंद, भूमेश, राजसिंह, विजयपाल, नितिन, राकेश, विरेंद्र आदि उपस्थित रहे।