गाजियाबाद। सुदामापुरी में नगर निगम की जमीन पर बिल्डरों ने प्लाॅट काटकर बाउंड्री कर दी है। जबकि कुछ समय पहले ही निगम की ओर से यहां से कब्जा खाली कराया गया था। निगम के अधिकारियों ने यहां पर बोर्ड भी लगाया था कि यह निगम की जमीन है और कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके बिल्डरों ने यहां प्लाट काट दिया है।
शहर में कई सरकारी भूमि पर इस तरह से कब्जे का काम चल रहा है। सस्ते प्लाॅट के चक्कर में लोग अपनी मेहनत की कमाई को यहां निवेश कर रहे हैं, लेकिन अब सरकार की सख्ती से उन पर भी संकट मंडरा रहा है। इसके अलावा नूर नगर, सिहानी, नंदग्राम, करहेड़ा, कनावनी में हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में भी काॅलोनियां बसा दी गई हैं। कई अन्य स्थानों पर भी प्लॉटिंग का कार्य चल रहा है। इसपर जीडीए के अधिकारी कार्रवाई भी करते रहते हैं, लेकिन भूमाफिया हैं कि मानने का नाम नहीं ले रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।