दनकौर। दनकौर में महमदपुर रोड पर भाजपा नेताओं ने सड़क निर्माण का शिलापट्ट लगाया था। जिसे बृहस्पतिवार देर रात को किसी ने तोड़ दिया। इससे पहले भी डेरिन गुजरान गांव के मुख्य मार्ग पर लगे भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए शिलापट्ट को दो दिन पहले तोड़ा गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। हालांकि किसी भाजपा नेता ने अभी तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है।
महमदपुर गांव की करीब 4 किमी सड़क जर्जर है। यमुना प्राधिकरण ने सड़क के निर्माण का टेंडर जारी कर दिया है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही स्थानीय भाजपा नेताओं ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व सांसद डॉ. महेश शर्मा व विधायक धीरेंद्र सिंह का नाम लिखा हुआ शिलान्यास का शिलापट्ट तैयार करा कर गांव के मुख्य रास्ते पर लगवा दिया। लेकिन देर रात शिलापट्ट को अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़ दिया गया। हालांकि इस संबंध में किसी नेता द्वारा पुलिस से अभी तक शिकायत नहीं की गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी अरविंद पाठक का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।