नोएडा। शहर में पालतू कुत्तों और बिल्लियों के पंजीकरण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने अब अभियान शुरू कर दिया है। लोगों की मांग पर प्राधिकरण विभिन्न सोसाइटी में पंजीकरण शिविर आयोजित करने की बात भी कर रहा है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि 14 फरवरी तक लोगों को अपने पालतू जानवर का पंजीकरण कराना आवश्यक है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ 15 फरवरी से अभियान चलाकर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। जुर्माने के तौर पर 1000 रुपये वसूले जा सकते हैं। प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि अब तक 359 पेट्स को रजिस्टर्ड कर दिया गया है।
क्या है पेट्स रजिस्ट्रेशन
शहर में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो विभिन्न नस्लों के कुत्ते और बिल्ली पालते हैं। प्राधिकरण ने कुत्ते-बिल्ली व अन्य पेट्स के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए बीते साल नवंबर में मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने नोएडा पेट्स रजिस्ट्रेशन एप लांच किया था। इसको प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके माध्यम से व्यक्ति घर बैठकर ही पेट्स का रजिस्ट्रेशन करा सकता है। इसके लिए प्राधिकरण ने 500 रुपये का शुल्क रखा है। यह शुल्क एक साल के लिए होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद प्राधिकरण की जिम्मेदारी होगी कि वह प्रत्येक पंजीकृत पेट्स को एंटी रैबीज का टीका लगवाएगा।
लोग नहीं हुए जागरूक तो लगा रहे शिविर
पेट्स पंजीकरण के लिए लोगों में ज्यादा जागरूकता नहीं आ सकी। यही कारण रहा कि नवंबर में एप लांच होने के बाद भी कुछ लोगों ने ही अपने पेट्स का पंजीकरण किया है। प्राधिकरण अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में ही पेट्स रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन कर रहा है। एक सप्ताह के दौरान ही शहर में तीन स्थानों पर शिविर लगाया जा चुका है। प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश सिंह का कहना है कि कोई भी व्यक्ति अगर अपने सेक्टर या सोसाइटी में कैंप लगवाना चाहता है तो वह प्राधिकरण में आवेदन कर सकता है।