फिरोजपुर झिरका। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लगाए गए लॉकडाउन का नूंह जिले के कुछ शहरों और गांवों में उल्लंघन किया जा रहा है। जब जनता नियमों का पालन नहीं कर रही हो तो ऐसे में संक्रमण को फैलने से कैसे रोका जा सकता है। सरकार ने लॉकडाउन की पालना करवाने के लिए पुलिस समेत जनप्रतिनिधियों, नंबरदारों, चौकीदारों की जिम्मेदारी तय की है। लेकिन सारे प्रयास विफल साबित हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील भी की गई थी। लेकिन कई मेडिकल स्टोर, किराना दुकानों, हरी सब्जी की दुकानों पर लोग भीड़ लगाकर खरीदारी कर रहे हैं। गांवों में लॉकडाउन का पालन सही ढंग से हो इसलिए प्रशासन ने गांवों में जनप्रतिनिधियों, नंबरदारों, चौकीदारों को ठीकरी पहरा लगाने के आदेश दिए हैं। लेकिन फिर भी लोग नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं।
इस संबंध में फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी कि चंद्र भान ने कहा कि लॉकडाउन और धारा 144 का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए गांवों में लगातार गश्त लगाई जा रही है।