रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म के प्रयास में आरोपी को पंचायत ने जूतों से पिटाई का फरमान सुना दिया। इस फैसले पर आरोपी के परिजन बिफर गए। उन्होंने इसका विरोध करते हुए कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। वहीं, पुलिस मामले को लेकर अनभिज्ञता जाहिर कर रही है। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। इसकी शिकायत के बाद एक ही समाज के दोनों पक्षों ने आपसी समझौते के बाद शिकायत वापस ले ली। वहीं, मामले को लेकर बुधवार को पंचायत का आयोजन किया गया। आरोप है कि पंचायत ने आरोपी को जूतों से पिटाई का फरमान सुना दिया। इसके बाद पंचायत में ही युवक की जूतों से पिटाई करने का आरोप है। इसके बाद मामले ने दोबारा तूल पकड़ लिया है। इस मामले में दोनों पक्षों में फिर से तनाव की स्थिति बन गई है। हालांकि, पुलिस ऐसे किसी भी मामले की जानकारी से इनकार कर रही है। कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि एक समाज के दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मामले में किसी प्रकार पंचायत होने या पिटाई होने की जानकारी नहीं है।
दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी आमिर सिराज को कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एक युवती ने पुलिस से शिकायत की थी कि आमिर सिराज ने उससे दुष्कर्म किया है।