पहलू हत्याकांड के विरोध में मेवात के लोगों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रदर्शन किया। इसके बाद बरेली के डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से मांग की गई कि हत्याकांड की न्यायिक या सीबीआई जांच कराकर कांड में शामिल उन्मादी लोगों को सजा दिलाई जाए।
प्रदर्शन की अध्यक्षता आईएमसी व राष्ट्रीय मेवाती मोर्चा की तरफ से की गई। आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि मेवात क्षेत्र के पहलू खान की बहरोड में उन्मादी लोगों द्वारा की गई हत्या इंसानियत को शर्मसार करने वाली है। हम सभी समुदाय को साथ मिलकर ऐसे लोगों का बहिष्कार करना चाहिए। कानून से उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए एकजुटता दिखानी होगी।
राष्ट्रीय मेवाती मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी राशिद खान मेवाती ने कहा कि इस घटना ने देश और दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा फिर भी मृतक शहीद पहलू खान को न्याय नहीं मिला। उसकी हत्या करने वाले सभी आरोपी बरी हो गए। इसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार हैं जिन्होंने पुख्ता सबूत होते हुए भी अदालत में पेश नहीं किया। सबूत के तौर पर पहलवान की पिटाई होते हुए का वीडियो सामने है तथा पुलिस को भी जीवित होते हुए पहलू खान ने बयान दिया था। प्रदर्शन में मोहम्मद नदीम खां, मौलाना जुनैद, रजा फरियाद मेवाती, खुर्शीद मेवाती हाफिज अकरम मेवाती, अजंर मलिक, परवेज चौधरी नोमान मलिक, फिरासत मेवाती समेत कई लोग शामिल हुए।