होडल। हरियाणा पुलिस की रिजर्व बटालियन के दो जवानों ने शराब के नशे में रविवार की देर शाम पुलिस थाने के बाहर जूस की रेहड़ी लगाने वाले एक व्यक्ति के साथ झगड़ा कर दिया। झगड़े की सूचना थाने में तैनात संतरी द्वारा छोटे मुंशी को दी गई। सूचना मिलने पर मुंशी बीच-बचाव करने के लिए थाने के बाहर आए तो नशे में धुत जवानों ने लाठी और डंडों के साथ मुंशी व संतरी होमगार्ड के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पिटाई से घायल मुंशी ने उपमंडल नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराया और घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दी। घटना रविवार की रात साढ़े दस बजे की बताई गई है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह राठी ने दोनों पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेज दी है।
सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन के त्यौहार के अवसर पर शहर की सुरक्षा में तैनात हरियाणा पुलिस की रिजर्व बटालियन के दो हवलदार रविन्द्र व सिपाही नरेंद्र का किसी बात को लेकर थाना परिसर के बाहर जूस की रेहड़ी लगाने वाले एक व्यक्ति से झगड़ा हो गया। दोनों जवानों ने मुंशी व संतरी पर लाठी डंडा लेकर हमला कर दिया। हमले में घायल मुंशी ने भाग कर अपनी जान बचाई । बताया गया कि पुलिस के इन दोनों जवानों ने शराब पी रखी थी। लोगों की भीड़ को देखकर नशे में धुत पुलिसकर्मी घटनास्थल से फरार हो गए।