-आईपीयू में -एमबीए, बीसीए, बीएड, बीबीए, बीटेक व बीएड स्पेशल में होने हैं दूसरे दौर के दाखिले
-कोई नया पंजीकरण नहीं कराया जा सकेगा इस दौर में
-15 या 16 जुलाई को परिणाम कर दिया जाएगा घोषित
-18 जुलाई तक छात्रों को जमा करानी होगी अपनी फीस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (आईपीयू) के छह प्रोग्राम में दूसरे दौर के दाखिले के लिए 14 जुलाई तक विकल्प चयन किया जा सकता है। ये छह प्रोग्राम हैं एमबीए (कैट के जरिए) बीसीए, बीएड, बीबीए, बीटेक और बीएड स्पेशल एजुकेशन। जिन आवेदकों ने पहले हुई पंजीकरण प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कर रखा है, उन्हें रविवार तक विकल्प चयन का मौका मिलेगा। इस दौर के लिए नया पंजीकरण नही किया जा सकता है। विकल्प चयन ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया का एक हिस्सा है।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, विकल्प चयन के बाद सोमवार 15 जुलाई या मंगलवार 16 जुलाई को इन प्रोग्रामों में दाखिले के लिए काउंसलिंग का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। छात्रों को सीट आवंटन के बाद 18 जुलाई तक अपनी पार्ट अकादमिक फीस जमा करानी होगी। यदि कोई छात्र सीट आवंटन से संतुष्ट नहीं है तो वह 20 जुलाई तक ऑनलाइन ही अपनी सीट को निरस्त करा सकता है। इसके बाद उसे मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस दौर की काउंसलिंग के संबंध में अधिक जानकारी यूनिवर्सिटी की दोनों वेबसाइट https://ipu.admissions.nic.in और https://ipu.ac.in से प्राप्त की जा सकती है। छात्र इन वेबसाइट पर जाकर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकते हैं।