संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिव्य नगर योजना के तहत सेक्टर-17 में ओपन एरिया थिएटर एवं ऑडिटोरियम तैयार किया जा रहा है। अगले साल अगस्त में शहर को इसकी सौगात मिल जाएगी। इस योजना पर 52.87 करोड़ रुपये की लागत आनी है। प्रोजेक्ट को पंचकूला की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। थिएटर एवं ऑडिटोरियम बनकर कैसा होगा। इसका थ्री डी नक्शा भी बनकर तैयार हो चुका है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 13 अगस्त 2024 को पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम का शिलान्यास किया था। पंचकूला की तर्ज पर तैयार किए जा रहे ओपन एयर थिएटर एवं ऑडिटोरियम बनने से खुले व सभागार में कम खर्च में बड़े सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रम हो सकेंगे।
दिव्य नगर योजना के तहत बनाए जा रहे ओपन एयर थिएटर एवं ऑडिटोरियम में आधुनिक सुविधाएं होंगी। प्रोजेक्ट के डिजाइन मुताबिक सामने ओपन एयर थिएटर होगा, जिसमें खुले आसमान के नीचे मंच व उसके सामने 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। मंच के साथ कलाकारों के मेकअप व अन्य कमरे होंगे।
ओपन एयर थिएटर के पीछे ऑडिटोरियम होगा, जहां इंडोर कार्यक्रमों के लिए मंच व सामने एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही वीआईपी, कांफ्रेंस व अन्य कमरे होंगे। इंडोर कार्यक्रमों के लिए हॉल व सभी कमरे वातानुकूल होंगे। ओपन एयर थिएटर के प्रवेश और पीछे के रास्ते पार्किंग बनाई जाएगी, जहां एक साथ 200 कार खड़ी हो सकेगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे।
ओपन एयर थिएटर एवं ऑडिटोरियम का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। अगले वर्ष अगस्त 2026 बनकर यह पूरा हो जाएगा। इसके बनने से जनता को काफी राहत मिलेगी। - सुमन बहमनी, मेयर, यमुनानगर जगाधरी नगर निगम।
ओपन एयर थिएटर का मॉडल। विभाग