- आज होगी नामांकन पत्रों की जांच, कमी मिली तो होंगे खारिज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को 16 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। इन्हें मिलाकर गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 34 हो गई है। शुक्रवार को सभी नामांकन पत्रों की जांच होगी। कमी मिलने पर नामांकन पत्र खारिज कर दिए जाएंगे। प्रत्याशी 8 अप्रैल की दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। उसके बाद रिटर्निंग अफसर सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित करेंगे। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया 28 मार्च को शुरू हुई थी। बुधवार तक 18 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से ही नामांकन करने के लिए प्रत्याशियों का आना शुरू हो गया था। दोपहर तीन बजे तक रिटर्निंग अफसर के कक्ष में आने वाले प्रत्याशियों को नामांकन करने का मौका दिया गया।
कोट
शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। कमी मिलने पर नियमों के तहत नामांकन खारिज कर दिए जाएंगे। प्रत्याशी 8 अप्रैल की दोपहर तीन बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। - मनीष कुमार वर्मा, रिटर्निंग ऑफिसर
तीन महिलाएं भी चुनावी मैदान में
नामांकन दाखिल करने वाले 34 प्रत्याशियों में तीन महिलाएं हैं। बुधवार को रितु सिन्हा और कुमारी शालू ने नामांकन किया था। वहीं बृहस्पतिवार को गीता रानी शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं 34 में से 16 प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।
दो बैलेट यूनिट का होगा इस्तेमाल
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर मतदान में दो बैलेट यूनिट लग सकती हैं। एक बैलेट यूनिट में 16 बटन होते हैं। इनमें एक बटन नोटा का होता है। ऐसे में सभी 1804 बूथों पर दो-दो बैलेट यूनिट लग सकती हैं। हालांकि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस पर स्थिति स्पष्ट होगी। उधर प्रशासन ने दो बैलेट यूनिट के प्रयोग की तैयारी शुरू कर दी है। जिला उपनिर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार के मुताबिक आयोग को इसकी सूचना दे दी है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जरूरत के हिसाब से बैलेट यूनिट की मांग आयोग को भेजी जाएगी।