चंदौसी(संभल)। रोडवेज बस स्टैंड से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे हरिद्वार के लिए नई नियमित बस सेवा शुरू हो गई। पहले दिन 15 सवारियों को लेकर बस हरिद्वार के लिए रवाना हुई। नई बस सेवा मिलने से यात्रियों में खुशी की लहर है। पहले हरिद्वार के लिए रोडवेज बस स्टैंड से बस न मिलने पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बदायूं से चलकर चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड से होकर इक्का दुक्का रोडवेज बस ही हरिद्वार के लिए जाती हैं, जो कब्रिस्तान रेलवे फाटक के कारण अक्सर चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड तक नहीं पहुंच पाती और सीधे बदायूं चुंगी होकर हरिद्वार के लिए रवाना हो जाती है। इससे रोडवेज बस स्टैंड पर हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को काफी कठिनाई होती है। अब शुक्रवार से परिवहन विभाग की ओर से हरिद्वार के लिए नियमित बस सेवा शुरू कर दी गई। पहले दिन यात्रा में सवार यात्रियों ने नई सेवा की तारीफ की और कहा कि अब हरिद्वार और मार्ग के अन्य शहरों तक उनकी यात्रा आसान और सुविधाजनक हो गई है।
चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड के प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि पहले दिन 15 से 20 सवारियां हरिद्वार, मुरादाबाद, कांठ, धामपुर सहित अन्य स्थानों के लिए बस में सवार हुई। बस स्टैंड प्रभारी ने बताया कि आगामी दिनों में इस बस में ज्यादा से ज्यादा यात्री के सवार होने की उम्मीद है।