फ्लैट खरीदारों को अधिकारियों ने सौंपे रजिस्ट्री के कागजात
सीनियर सिटीजन और मिगसन अल्टिमो सोसाइटी में लगा रजिस्ट्री शिविर
दोनों जगह पर करीब 20-20 रजिस्ट्री हुई, अब सोमवार को लगेगा कैंप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम रद्द होने के बाद शासन और प्राधिकरण के अधिकारियों ने शनिवार को शिविर में सीनियर सिटीजन और मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी में खरीदारों को रजिस्ट्री के कागजात सौंपे, हालांकि रफ्तार धीमी है। दोनों जगह पर करीब 20-20 रजिस्ट्री हुई। अब सोमवार को रजिस्ट्री की जाएगी।
सीनियर सिटीजन सोसाइटी के खरीदार 27 सालों से और मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी के खरीदार तीन साल से रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे थे।दोनों जगह करीब 1600 रजिस्ट्री होनी है, लेकिन तीन दिन के शिविर में मात्र 40 रजिस्ट्री हो सकी है। वहीं, खरीदारों का कहना है कि मालिकाना हक मिलने से लोग खुश हैं।
एआईजी द्वितीय शशि भानू मिश्रा ने बताया कि दोनों सोसाइटियों में सभी रजिस्ट्री होने के बाद ही शिविर समाप्त किया जाएगा। अगले सप्ताह से रजिस्ट्री की संख्या में वृद्धि होगी। अभी कागजात तैयार नहीं होने से रजिस्ट्री होने की संख्या कम हैं। शिविर
में
प्रदेश के औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव स्टांप लीना जौहरी, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।