नूंह। जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अब बेटियों को जल्द ही हॉस्टल की सुविधा मिलेगी। पहले ये सभी स्कूल कक्षा 10 तक चलाए जा रहे थे, लेकिन हाल ही में सरकार ने इन्हें 12वीं तक अपग्रेड कर दिया है। हालांकि, अभी 11वीं कक्षा तक ही दाखिला कराए जाएंगे। आगामी साल में बेटियों को 12वीं कक्षा में पढ़ने का मौका मिलेगा।
नूंह, तावडू, नगीना, पुन्हाना और फिरोजपुर झिरका खंड में लंबे समय से चलाए जा रहे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की सरकार ने अब सुध ली है। इन स्कूलों में मात्र बेटियों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है। लंबे समय से इन स्कूलों को 12वीं तक अपग्रेड करने की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने अब पूरा कर दिया है। सरकार के इस कदम से बेटियों को अपने-अपने खंडों में आसानी से शिक्षा का लाभ मिल सकेगा। शुरुआत में फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना में कला, नगीना में वाणिज्य, नूंह और तावडू में विज्ञान विषयों की कक्षाएं लगाई जाएंगी। अभी कक्षाओं के शुरू होने से अभिभावकों में काफी हर्ष है, लेकिन उन्होंने इन स्कूलों में सभी विषयों की कक्षाएं लगाने की अपील की। इस बारे में अतिरिक्त उपायुक्त डा.ॅ सुभीता ढाका ने कहा कि निश्चित तौर पर इन स्कूलों में फिर से हॉस्टल के अलावा बेटियों को 12वीं तक पढ़ने का अवसर मिलेगा, जिससे बेटियों के शिक्षा स्तर में काफी बदलाव आएगा। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की है कि वे बेटियों को शिक्षित करने में सहयोग करें। बेटियों के पढ़ने से ही क्षेत्र का भला हो सकता है।