पंजीकृत कारोबारी जीएसटी की नई दरों का ग्राहकों को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन गैर पंजीकृत कारोबारियों के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। स्टॉक का डेटा न रखने और बिना बिल के माल खरीदने की वजह से ऐसे कारोबारी अपने ग्राहकों को नई दरों का फायदा नहीं दे पा रहे हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों में उपभोक्ता जीएसटी की दरें घटने के बाद सस्ते दामों पर खरीदारी की उम्मीद लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें पुरानी दरों पर ही सामान मिल रहा है। दुकानदारों का तर्क है कि उनके पास उपलब्ध माल पुरानी दरों पर खरीदा गया है। ऐसे में वह उसे सस्ते दामों में बेचकर नुकसान नहीं उठा सकते। जब तक यह पुराना स्टॉक समाप्त नहीं हो जाता, तब तक ग्राहकों को नई दरों का लाभ मिलना मुश्किल है।
विशेषज्ञों का कहना है कि गैर पंजीकृत कारोबारी आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) का लाभ भी नहीं उठा पाते, जिससे उनकी समस्या और गंभीर हो गई है। आईटीसी का लाभ न मिलने के कारण उन्हें अपनी खरीद पर चुकाए गए टैक्स की क्षतिपूर्ति नहीं मिलती, जिससे उनका मुनाफा भी प्रभावित हो रहा है और ग्राहक भी असंतुष्ट होकर दूसरे विकल्प तलाशने पर मजबूर हो रहे हैं।
जो भी पंजीकृत दुकानदार अपने स्टॉक का डेटा रखते हैं, उन्हें जीएसटी की नई दरों का लाभ मिलेगा। उनके स्टॉक पर नई दरें लागू होंगी। पुरानी व नई जीएसटी का अंतर उनके खाते में क्रेडिट हो जाएगा। वे जितनी कम कीमत पर माल बेच रहे हैं, वह उन्हें आईटीसी के रूप में मिल जाएगी, जिसे वे बाद में टैक्स में समायोजित कर सकते हैं, लेकिन गैर पंजीकृत या पूर्व में बिना बिल के माल की खरीद करने वाले व्यापारियों के लिए दिक्कत है। -मयंक जैन, सहायक आयुक्त, खंड-एक, हाथरस।
हम लोग फुटकर में माल बेचने वाले हैं। हमारा टर्नओवर इतना नहीं है कि हम जीएसटी में पंजीयन ले सकें। इस कारण हमारे पास जो स्टॉक है, उसे हमें उसी दरों पर बेचना पड़ रहा है। कम दामों में बेचने से हमारा ही नुकसान हो जाएगा।
-पूरन, फुटकर दुकानदार।
हमें नई एमआरपी पर माल आने का इंतजार है। बिस्कुट, नमकीन सहित कई वस्तुओं पर नई एमआरपी आ रही है, लेकिन जो पुरानी एमआरपी का स्टॉक है, उसे पुरानी कीमत पर ही निकालना पड़ रहा है।
-हिमांशु, फुटकर दुकानदार।