आयकर विभाग की दो टीमों ने मंगलवार को सेक्टर-10 व 19 में एक साथ एक प्रॉपर्टी कंसलटेंट के कार्यालय एसडी प्रॉपर्टी और घर पर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान 50 लाख रुपये व करोड़ों की जमीन के कागजात मिले हैं। पिछले दिनों सेक्टर-47 में आयकर विभाग की कार्रवाई से टीम को प्रॉपर्टी कंसलटेंट के बारे में जानकारी मिली थी।
सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग की दो टीमें जांच कर रही हैं। इनमें विभाग के तीन अधिकारियों के अलावा पुलिस सहित 20 लोग शामिल हैं। टीमों को घर और कार्यालय से करीब 50 लाख रुपये मिले हैं। नकदी का कोई सबूत प्रॉपर्टी कंसलटेंट टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पाया। साथ ही, करोड़ों की जमीनों के कागजात भी मिले हैं। इनमें प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त में 30 से 40 फीसदी रकम का लेनदेन नकद लिए जाने की बात सामने आ रही है।