डोगो अर्जेंटीनो नस्ल का कुत्ता...
- फोटो : अमर उजाला
विश्व में सार्वाधिक महंगे 26 कुत्तों की प्रजाति में एक डोगो अर्जेंटीनो नस्ल के डॉगी ‘सुल्तान’ के लिए कुछ दबंगों ने कुत्ता मालिक के भाई को ही अगवा कर लिया। स्कार्पियो में सवार दबंगों ने कुत्ता मालिक को फोन कर उसके भाई को छोड़ने के एवज में डोगो अर्जेंटीनो नस्ल का कुत्ता देने मांग की है।
कुत्ते के मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों पर दबाव बनाया तो अपहरणकर्ता पीड़ित को अमलीगढ़ की सीमा पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रेनो की यूनिटेक होरिजन सोसाइटी निवासी शुभम प्रताप सिंह ने बताया कि सेक्टर अल्फा-2 में उनका एक मकान है। इस मकान में उन्होंने डोगो अर्जेंटीनो नस्ल का कुत्ता सुल्तान पाला हुआ है। सुल्तान नौ माह का है। शुभम का ममेरा भाई राहुल (30) भी इसी मकान में रहता है। मकान में कुछ लोग किराए पर भी रहते हैं। शुभम ने बताया कि बुधवार कि सुबह राहुल घर पर मौजूद था। इस बीच स्कॉर्पियो कार में अलीगढ़ के तीन युवक विशाल, ललित और मोंटी उनके अल्फा-2 स्थित घर पहुंचे।
विशाल का भाई पुनीत भी शुभम के घर में किराए पर रहता है। शुभम ने बताया कि विशाल को उनके घर में बैठा कुत्ता पसंद आ गया। विशाल ने राहुल से कुत्ते को ले जाने की बात की लेकिन राहुल ने मना कर दिया कि कुत्ता मेरा नहीं है, उसके भाई शुभम का है। पहले तो दोनों ओर से कुत्ते को ले जाने को लेकर बहस हुई। इसके बाद विशाल और उसके दोनों साथियों ने राहुल को अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
डेढ़ लाख रुपये में अर्जेंटीना से डॉगी लाए थे शुभम
शुभम ने डोगो अर्जेंटीनो नस्ल के कुत्ते को लाने में डेढ़ लाख खर्च किए थे। उनका दावा है कि ओरिजनल ब्रीड के केवल चार कुत्ते ही भारत में हैं। उनमें से एक उनका कुत्ता है। उनके पास हस्की, रोट विलर और जर्मन शेफर्ड मूल के कुल छह कुत्ते हैं।
खास डॉगी रखना बना मुसीबत
कुछ माह पहले सुल्तान गुम हो गया था। शुभम ने समाचार पत्रों में डॉगी को ढूंढ़कर लाने वाले को एक लाख इनाम का इश्तेहार भी दिया था। एक एनजीओ ने उनके डॉगी को ढूंढा था तो उन्होंने उस एनजीओ में गुप्त दान के रूप में वह रकम भी दी थी।