ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-3 से बुधवार को तीन बदमाश ओएलएक्स ऑटो से टेस्ट ड्राइव के लिए मंगाई कार लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने कंपनी के कर्मचारी और चालक को धक्का देकर वारदात अंजाम दी। हालांकि, दो आरोपियों रोजा जलालपुर गांव निवासी रिंकू और प्रशांत उर्फ गोल्डी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बिसरख कोतवाली में सोबेक ऑटो इंडिया प्राइवेट लि. (ओएलएक्स ऑटो) के संदीप नेगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी कारों की खरीद व बिक्री करती है। कंपनी टेस्ट ड्राइव की भी सुविधा देती है। एक कार का ऑनलाइन विज्ञापन देखकर रिंकू ने कंपनी से संपर्क किया था। रिंकू ने टेस्ट ड्राइव के लिए फ्लोरेंस इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-3 के पास कार मंगाई।
इसके बाद संदीप नेगी और कंपनी का ड्राइवर जीशान कार लेकर सेक्टर-3 पहुंचे। यहां रिंकू, गोल्डी व शिवम मिले। एक आरोपी बाइक पर था। टेस्ट ड्राइव के दौरान उन्होंने गाड़ी रोककर बाहर से जायजा लेने को कहा। एक आरोपी ड्राइविंग सीट पर बैठा रहा। बाकी बाहर आ गए और एक ने बाइक स्टार्ट कर दी। दूसरे आरोपी ने संदीप और जीशान को धक्का दिया और कार लूटकर फरार हो गए।