कन्या गुरुकुल की वीरांगनाओं के प्रतिभा प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। वीर रस के कवि अमित शर्मा ने राष्ट्रीय विचारधारा से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन आचार्य जयेंद्र एवं अधिष्ठात्री सीमा ने किया। कन्या गुरुकुल के संस्थापकों में से एक स्व. आरएल लवानिया को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
आर्ष कन्या गुरुकुल वेद धाम का भव्य वार्षिकोत्सव रविवार पांच फरवरी को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवयज्ञ से किया गया। इस अवसर पर कन्या गुरुकुल की ब्रह्मचारिणियों ने स्वागत गीत गाकर सभी को मोहित कर लिया। साथ ही भारत राष्ट्र का गुणगान अपनी ओजस्वी कविताओं से कर कवि अमित शर्मा ने सभी उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विज्ञापन
कार्यक्रम की अध्यक्षता आनंद चौहान (निदेशक एमिटी विश्विद्यालय) ने की। वहीं मुख्य अतिथि सुनील रामा रहे तो उनके साथ न्यायाधीश अजय त्यागी, भगत सिंह और श्रीमती सोनाली पुनिया समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। साथ ही इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक और पूर्व महामंत्री स्व. आरएल लवानिया का विशेष रूप से स्मरण किया गया और संस्था के निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया गया। उनके परिजनों को सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
वीर रस के उभरते कवि अमित शर्मा ने राष्ट्रीय विचारधारा से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत की। उनकी ओजपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं में उत्साह का संचार किया। गीता पर पढ़ी गई उनकी कविता को खूब दाद मिली। कार्यक्रम का संचालन आचार्य जयेंद्र एवं अधिष्ठात्री सीमा ने किया।
विज्ञापन
इस अवसर पर कन्या गुरुकुल की बच्चियों ने अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। गुरुकुल की छात्राओं ने न केवल शानदार सलामी परेड निकाली बल्कि शस्त्र कला के प्रदर्शन, लेजिम, लाठी चलाना, मानव पुल बनाना आदि से उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन बच्चियों के अनुशासन और कुछ हैरतअंगेज करतब देख कर लोग दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गए।