माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। दीपावली से एक दिन पहले भांजे की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में आरोपी मामा का पुलिस एक सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं लगा पाई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिहार भाग गया है और वह नेपाल भागने की फिराक में है। उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में टीम लगातार काम कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक सप्ताह पहले मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की राजनगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले अशरफ ने अपने भांजे आसिम की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी थी। वारदात से पहले दोनों के बीच शराब पार्टी के दौरान झगड़ा हुआ था। जिसके बाद आसिम कमरे की छत पर चला गया था। वहीं पीछे-पीछे अशरफ भी चाकू लेकर पहुंच गया और गर्दन पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। मृतक की मां गुलनाज ने आरोपी के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है। लेकिन एक सप्ताह बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद ही बिहार भाग गया था। लेकिन वह अपने घर पर नहीं पहुंचा आरोपी की लोकेशन नेपाल बॉर्डर के आस-पास मिल रही थी। अब उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया है। पुलिस की एक टीम लगातार उसकी तलाश में है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
भांजे की हत्या के मामले में आरोपी की तलाश करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय।
-