रात 11:40 बजे सड़क पर जुटी भीड़। अमर उजाला
नोएडा। पुराने साल की विदाई और नए साल के स्वागत में लोगों ने शुक्रवार को दिन से ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। दोपहर के लेकर शाम तक बाजारों, मॉल्स में पुलिस ने कड़ी जांच पड़ताल की। वहीं, कोविड प्रोटोकॉल के तहत जिले में लगे रात्रि कर्फ्यू के कारण रात दस बजे रेस्तरां, पब और बार बंद हो गए, लेकिन करीब 12 बजे तक सैकड़ों लोग सड़कों पर पार्टी करते नजर आए। कई लोग बिना मास्क के भी दिखे। लोगों को घर भेजने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इधर, दोपहर से ही सेक्टर-18, जीआईपी, डीएलएफ, लॉजिक्स आदि मॉल में पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी थी। पुलिस ने मॉल के सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। शाम को पुलिस अधिकारी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कोविड प्रोटोकॉल व शासन की गाइडलाइंस का पालन कराने में जुटे थे। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एसीपी अंकिता शर्मा और रजनीश वर्मा ने अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों, बाजारों में पैदल मार्च करते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
साथ में पिनाक कमांडो, डॉग स्क्वॉड की टीमें भी थीं। एसीपी वन अंकिता शर्मा ने सेक्टर-18, जीआईपी मॉल, मेट्रो स्टेशन पर जांच की। एसीपी-2 रजनीश वर्मा ने लॉजिक्स मॉल में निरीक्षण किया। मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे व मॉल के अंदर की व्यवस्था की जांच की।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था मॉल्स, मार्केट से लेकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर थी। इन स्थानों की चेकिंग की गई और गाइडलाइंस के मुताबिक नए साल का जश्न मनाने की अपील की गई। - रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा