नोएडा। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को रिकार्ड 61 मामले सामने आए। साथ ही, पांच लोग इस बीमारी से ठीक हो गए। इससे पहले 11 जून को 75 मामले मिले थे। अब जिले में सक्रिय केस बढ़कर 190 हो गए हैं। इससे जिला प्रदेश में पहले पायदान पर है। जिलेे में अब तक 63680 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 63022 लोग ठीक हुए हैं। 468 लोगों ने इस बीमारी से जान गंवाई है। जनवरी में कोरोना के 418, फरवरी में 179 व मार्च में कुल 564 मामले सामने आए थे। इसके बाद अप्रैल में रिकार्ड 15202 मामलों के साथ तीसरी लहर की शुरुआत हुई। मई-जून में केसों की संख्या 10 हजार से अधिक रही थी। जून के बाद यह सिलसिला धीरे-धीरे घटता गया। 11 जून के बाद जिले में दैनिक केसों की संख्या 20 से कम रही, लेकिन इस सप्ताह से हालात फिर बदलने लगे हैं। मंगलवार को 28, बुधवार को 21 व बृहस्पतिवार को 38 केस मिल। अब सर्वाधिक 61 मामले मिलने से स्वास्थ्य विभाग चिंता बढ़ गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां बढ़ा दी हैं। सीएमओ एसके शर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए नए वार्ड बनाने के साथ ही बड़ों के लिए सभी सरकारी निजी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। जिले में ऑक्सीजन की भी पर्याप्त व्यवस्था है। दवाओं की आपूर्ति पर भी नजर रखी जा रही है।