एनएचएआई ने दी सेक्टर-94 से यमुना एक्सप्रेस-वे तक एक्सप्रेस-वे की रिपोर्ट
नोट- फोटो है।
-डीएनडी से यमुना एक्सप्रेस-वे तक हाईवे बनाने की है तैयारी, प्राधिकरण ने बची दूरी में भी संभावनाएं तलाशने के लिए कहा
-प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के अलाइनमेंट में बीच में तीन जगहों पर ट्रैफिक कनेक्टिविटी, ग्रेनो और यमुना प्राधिकरण भी देंगे सुझाव
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे पर बहुप्रतिक्षित रिपोर्ट सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से नोएडा प्राधिकरण को सौंपी गई। एनएचएआई की सलाहकार एजेंसी ने 8 लेन के एक्सप्रेस-वे की रिपोर्ट सेक्टर-94 से शुरू कर ग्रेटर नोएडा में चाई-4 के सामने यमुना एक्सप्रेस-वे तक बनाई है। यह दूरी करीब 31 किलोमीटर की अनुमानित है। रिपोर्ट पर प्राधिकरण के सेक्टर-6 कार्यालय में बैठक भी हुई। इसमें प्राधिकरण ने एक्सप्रेस-वे को सेक्टर-94 से आगे दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट फ्लाईवे डीएनडी से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने के लिए कहा। इसके आगे दिल्ली में बारापुला और अक्षरधाम तक भी इस एक्सप्रेस-वे को विस्तार देने पर चर्चा हुई। ऐसा होने पर सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी यमुना एक्सप्रेस-वे तक हो जाएगी।
प्राधिकरण के बोर्ड रूम में हुई बैठक में ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ एनएचएआई व नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन के भी अधिकारी शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए नोएडा के एसीईओ सतीश पाल ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सलाहकार द्वारा नोएडा के सेक्टर-94 से ग्रेनो के चाई-4 तक एक्सप्रेसवे बनाने के प्रस्ताव से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
बैठक यमुना के एसीईओ राजेश कुमार के अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रबंधक रजत कुमार श्रीवास्तव व सलाहकार सरबजीत सिंह राणा, नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक निशांत सहगल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार बर्न शामिल थे। वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की जीएम प्लानिंग लीनू सहगल ऑनलाइन बैठक में जुड़ीं।
नोएडा में एक्सप्रेस-वे से तीन जगहों पर और कनेक्टिविटी देने की तैयारी-
बैठक में यह चर्चा हुई कि प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे तकरीबन एलिवेटेड ही रहेगा। इससे बीच में नोएडा के सेक्टर-124, 133-135, व सेक्टर-150 में रैंप या लूप बनाकर ट्रैफिक कनेक्टिविटी दी जाएगी। इन जगहों पर सेक्टर-94 या डीएनडी से आने वाला ट्रैफिक उतर सकेगा। इसके साथ ही दूसरे रैंप से यहां से वाहनों के इस एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने का भी विकल्प दिया जाएगा। प्रस्तावित एलाइनमेंट पुश्ता रोड के साथ सेक्टर-94 से 128, 132, 165, 155, 150 से चाई-4 के सामने यमुना एक्सप्रेस-वे तक है।