एमएसएमई कांक्लेव में पहुंचे डॉ. महेश, कौशल विकास मंत्री व एमएसएमई मंत्री
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-18 स्थित एक होटल में राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की ओर से आयोजित एमएसएमई कांक्लेव में सांसद डॉ. महेश शर्मा और यूपी के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल व एमएसएमई मंत्री राकेश सचान पहुंचे। यहां उन्होंने निर्यातकों और उद्यमियों से संवाद किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया कि इस दौरान सांसद ने एमएसएमई कांक्लेव के दूसरे व अंतिम दिन का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रदेश का जिला गौतमबुद्ध नगर निर्यात के मामले में नंबर-1 है और भारत लगातार अपना आर्थिक व्यापार देश विदेश तक फैलाता जा रहा है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए उनकी स्किल को मजबूत करने पर सरकार का विशेष ध्यान है। यही कारण है कि स्किल युवाओं के दम पर उद्योग का आर्थिक पहिया तेज गति से भाग रहा है। इसके अलावा कांक्लेव में पहुंचे एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प व स्थानीय उद्योगों को पहचान मिल रही है। इससे लोकल से ग्लोबल की परिकल्पना साकार हो रही है।
इस मौके पर आए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय के सहायक महानिदेशक हेमंत कुमार ने बताया कि सरकार ने ट्रेड कनेक्ट सॉफ्टवेयर के जरिये निर्यातकों को लाभ पहुंचाने और उनकी हर एक समस्या को दूर करने के लिए ऐसा प्लेटफॉर्म बनाया है, जहां निर्यातकों को हर एक जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा यूपी भारत का 5.02 फीसदी हिस्सा निर्यात करता है। युवाओं के शामिल होने और ज्यादा निवेश से यह पहिया और भी आगे बढ़ सकता है, इसके लिए उन्होंने निर्यातकों से सरकार की लाभकारी योजनाओं से जुड़ने का आग्रह किया।