नोएडा। लोगों को संस्कृति से रूबरू कराने के लिए सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर प्राधिकरण शहर में पहली बार नाट्य महोत्सव का आयोजन करेगा। 26 से 28 नवंबर तक सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में चार नाटकों का मंचन होगा। मंचन मंडी हाउस और गाजियाबाद के मंच से जुड़े कलाकार नाटकों का मंचन करेंगे।
प्राधिकरण के मुख्य महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि 26 नवंबर को हास्य नाटक प्राइवेट अफेयर व 27 नवंबर को गालिब इन न्यू देहली का मंचन किया जाएगा। दोनों ही नाटकों के लेखक डॉ. एम सईद आलम हैं। वे निर्देशक की भूमिका भी निभाएंगे। दोनों नाटक डेढ़-डेढ़ घंटे के होंगे, जो शाम को 6 बजे से शुरू हाेंगे। 28 नवंबर को एक-एक घंटे के दो नाटक होंगे। इनमें से एक नाटक डाकघर का मंचन प्रथम पथ थियेटर गाजियाबाद करेगा। निर्देशक की भूमिका सुधीर राणा निभाएंगे। शाम 6 बजे इस नाटक का मंचन होगा।
शाम 7 बजे से गांधीजी विद स्पेलिंग मिस्टेक का मंचन होगा। ख्वाजा अहमद अब्बास द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन डॉ. एम सईद आलम करेंगे। कोरोना को ध्यान में रखते हुए इंदिरा गांधी कला केंद्र की 350 सीटों में से सिर्फ 200 दर्शकों को ही बैठने की अनुमति होगी। नाट्य मंचन का कोई टिकट नहीं रखा गया है। सीट की उपलब्धता पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर रहेगी।