पूर्व मुख्यमंत्री ने हरि नगर विधानसभा की घटना का जिक्र एक्स पर किया
जनसभाओं में कहा- अगर गलत बटन दब गया तो सुविधाएं बंद हो जाएंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरि नगर में जनसभा के दौरान उनकी गाड़ी पर हमला करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा कि पुलिस ने विपक्षी उम्मीदवार के समर्थकों को उनकी जनसभा में घुसने की अनुमति दी। यह सब केंद्रीय गृहमंत्री के आदेश पर हो रहा है। लगातार हो रहे हमलों के बावजूद चुनाव आयोग कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है। केजरीवाल ने घटना को एक्स पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि हरि नगर में पुलिस ने विपक्षी उम्मीदवार के लोगों को सार्वजनिक बैठक में घुसने दिया और फिर मेरी कार पर हमला किया गया।
इधर, केजरीवाल ने राजौरी गार्डन और मादीपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा कर लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि आप को चुनकर मुफ्त बिजली, पानी, शिक्षा और अच्छा इलाज पाएं। अगर गलत बटन दब गया तो सारी सुविधाएं बंद हो जाएंगी। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री योगी से पूछा कि यूपी में डबल की इंजन सरकार है, फिर भी घंटों पावर कट क्यों लगते हैं, जबकि हमने दिल्ली में पांच साल में ही 24 घंटे बिजली दे दी। दिल्ली में सरकारी स्कूल भी शानदार बना दिए, लेकिन यूपी में स्कूलों का बुरा हाल है। दस साल से जनता के साथ मिलकर दिल्ली को संवारने की कोशिश की जा रही है। यूपी में 200 यूनिट बिजली खर्च करने पर 2 हजार रुपये का बिल आता है, लेकिन दिल्ली में जीरो बिजली का बिल आता है।
हर परिवार के बच रहे 20 हजार
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए बस में सफर फ्री है, लेकिन भाजपा कहती है कि महिलाओं का बस में फ्री सफर बंद कर देंगे। भाजपा के किसी भी राज्य में महिलाओं का सफर फ्री नहीं है। लोग हर माह बिजली के 5 हजार, दो बच्चों की पढ़ाई के 10 हजार, महिलाओं की फ्री बस यात्रा के दो हजार और इलाज के 5 हजार रुपये बचा रहे हैं। इस तरह आप सरकार में हर परिवार का 20-22 हजार रुपये महीना फायदा हो रहा है।
नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कई जगह सीवर की समस्या सामने आ रही है। सरकार बनने के बाद युद्ध स्तर पर पुरानी लाइनें बदलवा दी जाएगी। आरडब्ल्यूए को अपनी सुरक्षा की चिंता होती है। आप सरकार आने पर आरडब्ल्यूए को सिक्योरिटी गार्ड रखने के लिए पैसा देगी। दिल्ली में कई साल से नए राशन कार्ड नहीं बन रहे हैं। चुनाव बाद नए राशन कार्ड बनेंगे।